Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव-2025 की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और एस.एस. संधू की टीम शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंची। इस दौरान आयोग की टीम विभिन्न राजनीतिक दलों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेगी।
पहले दिन आयोग की टीम ने राज्य के प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम तय किया है, जिसमें भाजपा, जदयू, राजद और कांग्रेस समेत प्रमुख दल शामिल होंगे। हालांकि, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा और हम प्रमुख जीतनराम मांझी को बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सभी दलों से चुनाव प्रक्रिया को लेकर सुझाव और अपेक्षाएं मांगी जाएंगी। इसके बाद आयोग की टीम राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, उप-महानिरीक्षक, जिला निर्वाचन पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा बैठक करेगी। इसमें प्रशासनिक तैयारी, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाता सूची संशोधन और अन्य लॉजिस्टिक पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
आयोग की टीम रविवार, 5 अक्टूबर को नोडल अधिकारियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के साथ बैठक करेगी। इस बैठक में चुनाव के दौरान निष्पक्षता, पारदर्शिता और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की रणनीति पर विचार किया जाएगा।
इसी दिन दोपहर 2 बजे पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त आगामी विधानसभा चुनाव से संबंधित दिशा-निर्देश और आयोग की प्राथमिकताओं की जानकारी साझा करेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग की इस समीक्षा यात्रा का मुख्य उद्देश्य है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके।

