हथियार, नकदी, बाइक और मोबाइल बरामद, पुलिस तलाश में जुटी बाकी आरोपियों की
Chaibasa News: जिले में बैंक के सामने हुई बड़ी लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घटना 1 सितंबर की सुबह सदर थाना क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के पास हुई थी, जहां पेट्रोल पंप का कर्मचारी बैंक में ₹5 लाख जमा कराने जा रहा था। इसी दौरान अपराधियों ने देशी कट्टे का भय दिखाकर काले बैग में रखी राशि लूट ली थी।
घटना के बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर बहामन टूटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें सदर और मुफ्फसिल थाना की पुलिस शामिल रही। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर तीन दिनों के भीतर पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इनसे ₹86,500 नकद, एक देशी कट्टा, दो मोटरसाइकिल, दो हेलमेट, दो मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए।
वहीं, 9 सितंबर को पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए तीन और अपराधियों को दबोच लिया। इनके पास से ₹26,000 नकद, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मधु लोहार उर्फ बिधा उर्फ बेदा (29), गोपी बारी (35) और मोतिलाल हेम्ब्रम (31) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इन अपराधियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। लूट की शेष राशि और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है।इस सफल ऑपरेशन में एसडीपीओ सदर, सदर और मुफ्फसिल थाना के प्रभारी, कई पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस की तत्परता से बैंक के सामने हुई इस सनसनीखेज लूट का राज़ खुला और शहर में लोगों ने राहत की सांस ली।

