Ranchi News:- जमीन घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची और दिल्ली के कुल नौ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान ईडी ने 25 लाख रुपये नकद, जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण और डिजिटल उपकरण जब्त किए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, छापेमारी जिन ठिकानों पर हुई, उनमें कांके रिसॉर्ट के मालिक बीके सिंह, दुर्गा डेवलपर्स और उनसे जुड़े अन्य सहयोगियों के ठिकाने शामिल हैं। ईडी की जांच में बीके सिंह को जमीन घोटाले का सरगना और कमलेश कुमार सिंह सहित अन्य को उनके सहयोगी के रूप में चिह्नित किया गया है।
इससे पहले भी ईडी ने कमलेश कुमार सिंह के आवास पर छापेमारी की थी, जहां से एक करोड़ रुपये नकद और रायफल की गोलियां बरामद की गई थीं। ईडी का आरोप है कि इन कारोबारियों ने सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से कांके अंचल में जमीन के दस्तावेजों में हेराफेरी कर अवैध सौदे किए।
मंगलवार को हुई छापेमारी में अशोक नगर, कांके और पुंदाग के ठिकानों के अलावा दिल्ली के तीन स्थान भी शामिल थे। सूत्रों ने बताया कि दुर्गा डेवलपर्स पर भी ईडी ने शिकंजा कसा है। यह कंपनी दिसंबर 1997 में गठित हुई थी और उस समय इसकी शेयर कैपिटल 50 लाख रुपये थी। कंपनी के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार झा हैं, जबकि उनके परिवार के सदस्य दुर्गा झा, निलय झा और सुनील झा निदेशक मंडल में शामिल हैं।
ईडी की टीम लगातार इस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं, क्योंकि जमीन कारोबार से जुड़े कई दस्तावेज ईडी के कब्जे में आ चुके हैं। रांची और दिल्ली में हुई इस संयुक्त छापेमारी को अब तक की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

