Dhanbad News:- कोयलांचल के चर्चित कारोबारी और बीसीसीएल के बड़े ठेकेदार एलबी सिंह के ठिकानों पर गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की बड़ी कार्रवाई हुई। टीम जब धनबाद स्थित आवास पहुंची तो वहां मौजूद पालतू कुत्तों को अचानक खोल दिया गया, जिसके बाद ईडी अधिकारियों को करीब दो घंटे तक बाहर ही रुकना पड़ा। बाद में कुत्तों को बांधने के बाद टीम आवास में प्रवेश कर पाई।
सूत्रों के मुताबिक, बीसीसीएल के टेंडर से जुड़े भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच के तहत ईडी ने यह कार्रवाई की है। सिंह के अलावा कोयला कारोबारियों अनिल गोयल और संजय खेमका के ठिकानों पर भी दबिश दी गई है। कुल 18 स्थानों पर एक साथ छापेमारी चल रही है, जिसमें झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल भी शामिल है।
बताया जाता है कि इससे पहले आयकर विभाग की छापेमारी में एलबी सिंह के खातों से जुड़े दस्तावेजों की जांच में 100 करोड़ रुपये तक की नकदी जब्त होने की जानकारी सामने आई थी। सीबीआई द्वारा बीसीसीएल टेंडर घोटाले में दर्ज मामले के आधार पर ईडी ने ईसीआईआर बनाकर जांच आगे बढ़ाई है।
कार्रवाई सुबह शुरू होने के बाद अब भी जारी है। ईडी की टीम संबंधित वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डेटा की जांच में जुटी है।

