मनी लॉन्ड्रिंग केस में रांची-हजारीबाग में ईडी की बड़ी कार्रवाई
Ranchi News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व विधायक अंबा प्रसाद और उनके करीबी लोगों के ठिकानों पर गुरुवार को एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई झारखंड के रांची, हजारीबाग और बड़कागांव सहित कुल आठ स्थानों पर की गई।जिन स्थानों पर छापेमारी की जा रही है, वहां सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की एक टीम रांची के हरमू रोड स्थित किशोरगंज इलाके में, जबकि दूसरी टीम हजारीबाग के बड़कागांव में छापेमारी कर रही है।यह कार्रवाई कोल ट्रांसपोर्टिंग, इन्फ्रा और पावर सेक्टर से जुड़ी एक चर्चित कंपनी की मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में की जा रही है। ईडी ने इस सिलसिले में अंबा प्रसाद के निजी सहायक संजीव साव, मनोज दांगी और पंचम कुमार के ठिकानों की भी तलाशी ली है।
इसके पहले 12-14 मार्च, 2024 को ईडी ने अंबा प्रसाद, उनके पिता पूर्व मंत्री योगेंद्र साव, भाई अंकित राज सहित कई रिश्तेदारों और करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी कर कई दस्तावेज बरामद किए थे। इस छापेमारी में 35 लाख रुपये, डिजिटल उपकरण, सर्किल कार्यालयों, बैंकों के नकली टिकट, हाथ से लिखी रसीदें, डायरियां, विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए थे। माना जा रहा है कि इस बार की छापेमारी उन्हीं दस्तावेजों और सबूतों के आधार पर की जा रही है, जो पहले की जांच में सामने आए थे।
ईडी की टीमें वित्तीय लेन-देन, जमीन और खनन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रही हैं। अंबा प्रसाद और उनके रिश्तेदारों के नाम पर बनी 10 कंपनियां ईडी की जांच के दायरे में हैं। पूर्व में ईडी ने अंबा प्रसाद, उनके पिता योगेंद्र साव और भाई अंकित राज से रांची स्थित जोनल कार्यालय में पूछताछ भी की थी। अंबा प्रसाद हजारीबाग जिले के बड़कागांव क्षेत्र से वर्ष 2019 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुनी गई थीं। इसी विधानसभा क्षेत्र से उनकी मां निर्मला देवी और उनके पिता योगेंद्र साव भी पूर्व में विधायक रह चुके हैं।
अंबा प्रसाद को कांग्रेस ने हाल ही में बिहार विधान सभा चुनाव को लेकर पर्यवेक्षक के रूप मे नियुक्त किया है।झारखंड मे भी अंबा प्रसाद प्रदेश कांग्रेस समेत सरकार मे अच्छी पैठ बनाई है।आज के ईडी छापेमारी को लेकर तरह तरह की चर्चा जोरो पर है।
ईडी ने अब तक अंबा प्रसाद और उनके करीबी के यहां की जा रही छापेमारी का विवरण सार्वजनिक नही किया है।

