Bhagalpur News:- भागलपुर जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पेट्रोल पंप के पास स्थित एक मिठाई की दुकान में अचानक एक अनियंत्रित ई-रिक्शा घुस गया, जिससे दुकान में गर्म तेल से भरी कड़ाही पलट गई। इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार तीन युवतियां बुरी तरह झुलसकर घायल हो गईं।
घायल युवतियों की पहचान प्रिया कुमारी, कोमल और रत्ना के रूप में हुई है। तीनों भागलपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल भागलपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो युवतियों की स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होकर रिक्शा सीधे मिठाई की दुकान में जा घुसा, जिससे दुकान में रखी गरम तेल की कड़ाही पलट गई और उसमें बैठी युवतियां उसकी चपेट में आ गईं।
घटना की सूचना मिलते ही तातारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने तीनों घायल युवतियों के परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे दुकानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। लोग घायल युवतियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

