Purnia News:- बिहार के पूर्णिया में रविवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई। यह घटना कप्तान पुल और खुश्कीबाग के बीच उस समय घटी, जब राहुल गांधी मोटरसाइकिल से यात्रा कर रहे थे। अचानक एक युवक भीड़ से निकलकर राहुल गांधी के पास पहुंच गया और उनसे लिपट गया। इस अप्रत्याशित घटना से कुछ क्षणों के लिए अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए युवक को हटाया और उसे काबू में कर लिया। बताया जा रहा है कि सुरक्षा टीम के एक जवान ने युवक को हटाते समय उस पर जोरदार घूंसा भी जड़ा।
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसने राहुल गांधी के पास पहुंचने की कोशिश क्यों की।
गौरतलब है कि राहुल गांधी इन दिनों बिहार में लगातार पदयात्रा और जनसभाओं के जरिए मतदाताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग उनके कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने भीड़ को देखते हुए पहले से ही विशेष प्रबंध किए हैं, लेकिन रविवार को हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा एजेंसियों से मांग की है कि राहुल गांधी की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस घटना के बाद राहुल गांधी की यात्रा में सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है और भीड़ नियंत्रण के लिए नए सिरे से रणनीति बनाई जा रही है।

