Nawada News:- बिहार के नवादा जिले के सिरदला प्रखंड में दुर्गा पूजा के दौरान बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। बांधी पंचायत के मूर्तिया गांव से सैकड़ों श्रद्धालु कलश विसर्जन के लिए जमुगाय नदी पहुंचे थे। परंपरा के अनुसार कलश विसर्जन की तैयारी चल ही रही थी कि अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली नदी के बीच खड़े श्रद्धालुओं पर गिर गई।
आकाशीय बिजली गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई श्रद्धालु मौके पर ही गिर पड़े और कुछ बेहोश हो गए। लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत सक्रिय हुए और घायलों को नदी से निकालकर सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार शर्मा ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पतालों में जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। चारों ओर रोने-चिल्लाने और चीख-पुकार की आवाज गूंजने लगी। छोटे-छोटे बच्चे भी इस हादसे में घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। खबर लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं हो पाई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली इतनी तेज गिरी थी कि नदी से कुछ दूरी पर खड़े लोगों को भी झटका महसूस हुआ। इस दर्दनाक घटना ने दुर्गा पूजा के पावन पर्व की खुशियां मातम में बदल दीं। पूजा पंडालों में शोक की लहर दौड़ गई है और पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया है। लोग एक-दूसरे को सांत्वना देते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

