बांका।

दो लाख रूपए दहेज नहीं मिलने पर ससुराल वालो ने सोमवार को एक विवाहिता को जिंदा जला दिया। वह तड़पती हुई जब 90 फीसदी जल गई, तब ससुराल वालो ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान विशुनपुर गांव के निरंजन कुमार सिंह की पत्नी प्रियंका के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पति समेत चार ससुराल वालो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। फिलहाल ससुराल वाले फरार है। घटना टाउन थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव की है।
बताया जाता है कि जलाने से पहले ससुराल वालो ने प्रियंका को जमकर पीटा था। ससुराल वालो ने मृतका के परिजनो के पास झूठी कहानी सुनाते हुए फोन कर कहा कि प्रियंका खाना बनाने के दौरान जल गई। इस सूचना पर जब परिजन अस्पताल पहुंचे तब ससुराल वाले गायब थे। मृतका के भाई सुमित ने बताया कि प्रियंका की शादी 15 माह पूर्व निरंजन कुमार सिंह से हुई थी। शादी के बाद प्रियंका का एक बेटा 4 महीने का है। पर ससुराल वाले अतिरिक्त 2 लाख दहेज नहीं मिलने पर उसके साथ मारपीट करने लगे। एक माह पूर्व दोनों के बीच सुलह भी करवाई गई थी। पर फिर सोमवार को मारपीट कर उसकी बहन के शरीर में आग लगा दी, जिससे वह बुरी तरह जल गई।