Ranchi News:- राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लटमा स्थित नागेश्वर इन्क्लेव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ खुदकुशी कर ली। मृतकों की पहचान 34 वर्षीय संयुक्ता सिंह और उनके दो बच्चों—14 वर्षीय आराध्या सिंह और 12 वर्षीय आरव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को यह सूचना पड़ोसियों ने दी, जब शनिवार रात और रविवार सुबह फ्लैट का दरवाजा नहीं खुला। सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, जहां तीनों के शव ड्राइंग रूम में पड़े मिले। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जांच में सामने आया कि संयुक्ता सिंह और उनके पति ब्रजेश सिंह के रिश्ते लंबे समय से तनावपूर्ण थे। मामला तलाक तक पहुंच चुका था और न्यायालय में विचाराधीन था। ब्रजेश सिंह बीते तीन साल से औरंगाबाद (बिहार) स्थित अपने गांव में रह रहे थे, जबकि संयुक्ता अपने दोनों बच्चों के साथ रांची में रहती थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार संयुक्ता आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं। बच्चों की स्कूल फीस तक भरना मुश्किल हो गया था और जिस फ्लैट में वे रह रही थीं, वह भी बैंक में गिरवी था। इन परिस्थितियों को देखते हुए माना जा रहा है कि तनाव और आर्थिक दबाव के कारण महिला ने यह कदम उठाया।
मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किए हैं और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। डीएसपी हटिया पीके मिश्रा ने भी पुष्टि की कि मामला आत्महत्या का है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

