Nawada News: बिहार के नवादा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। हिसुआ थाना क्षेत्र के बजरा गांव में मंगलवार को एक बेटे ने अपने ही पिता की तलवार से बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान 60 वर्षीय अनिल कुमार सिंह आजाद के रूप में हुई है, जो टीएस कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी थे और एक साल बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे।
घटना के वक्त अनिल सिंह के बड़े बेटे बबलू सिंह ने नशे की हालत में अपने पिता पर तलवार से करीब सात बार हमला किया। छोटा बेटा डब्लू कुमार ने बताया कि हमला इतना अचानक हुआ कि किसी को कुछ समझने तक का मौका नहीं मिला। बबलू ने अन्य परिजनों पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वे किसी तरह जान बचाकर भाग निकले।
घटना के बाद आरोपी बबलू सिंह तलवार लहराते हुए खेतों की ओर फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से पिता की संपत्ति और रिटायरमेंट के बाद नॉमिनी के नाम को लेकर घर में विवाद चल रहा था। गांव के लोगों ने कई बार बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया था, लेकिन अचानक यह खौफनाक वारदात सामने आ गई।
बताया जा रहा है कि अनिल सिंह पिछले दो-तीन महीनों से बीमार थे और उनका इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही हिसुआ थाना अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।

