Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राशन दुकान की आड़ में चल रहे गांजा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। हैदरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कुकही में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3 किलो 270 ग्राम गांजा बरामद किया है, जबकि राशन दुकानदार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने सोमवार को इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम कुकही निवासी गुड्डु कुमार (35) अपनी राशन दुकान में गांजा छिपाकर रखता है और वहीं से उसकी खरीद-बिक्री करता है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
एसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन (परि.) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने गुड्डु कुमार की राशन दुकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान में छिपाकर रखे गए एक प्लास्टिक थैले से 3.270 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर सीलबंद किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (परि.) राजीव रंजन, अंचल निरीक्षक सह पुलिस निरीक्षक विनोद राम, पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय गोप, पुलिस अवर निरीक्षक अमर सिंह सहित हैदरनगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
इस मामले में हैदरनगर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की आपूर्ति कहां से होती थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

