Nawada News :- बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का खेल लगातार जारी है। इसी कड़ी में नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार को वाहन जांच के दौरान भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब से लदी एक कार को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के मुताबिक, महिंद्रा कंपनी की जाइलो गाड़ी (नं. BR 01 PB 6150) को जांच के लिए रोका गया। वाहन रुकते ही चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो अंदर से छुपाकर रखी गई कुल 237 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार चालक की पहचान मनोवर खान के रूप में हुई है, जो नवादा जिले के गोंदापुर गांव का निवासी है। पूछताछ में मनोवर ने बताया कि यह शराब खनवां गांव निवासी गुलशन कुमार के कहने पर ले जाई जा रही थी।उत्पाद विभाग रजौली चेक पोस्ट के प्रभारी राजेश कुमार पटेल ने बताया कि जब्त की गई शराब में शामिल हैं:
इंपिरियल ब्लू (750ml) – 22 बोतल, रॉयल स्टैग (750ml) – 9 बोतल, ईलाइड ग्रीन व्हिस्की (375ml) – 43 बोतल, ब्लेंडर प्राइड (750ml) – 11 बोतल, गॉड फादर बीयर (500ml) – 43 बोतल, किंगफिशर प्रीमियम बीयर (500ml) – 86 बोतल, हंटर बीयर (500ml) – 22 बोतल, अन्य ब्रांड की कुछ बोतलें भी शामिल हैं।
इस पूरी खेप को जब्त कर लिया गया है और चालक के बयान पर गुलशन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अधिकारी ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ सख्ती से अभियान जारी है और आगे भी ऐसे तस्करों पर कार्रवाई होती रहेगी।

