Ranchi News:- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. इरफान अंसारी ने बिहार स्थित कांग्रेस कार्यालय (सदाकत आश्रम) में हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी का कार्यालय उसके कार्यकर्ताओं के लिए मंदिर के समान होता है और उस पर हमला किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रविवार को मीडिया से बात करते हुए डॉ. अंसारी ने कहा कि कांग्रेस संगठन और उसके कार्यकर्ताओं की गरिमा की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि हमारे नेता राहुल गांधी इशारा भर कर दें, तो हम विरोधियों को करारा जवाब देने में सक्षम हैं।
मंत्री ने कहा कि झारखंड की जनता लोकतंत्र और भाईचारे की पक्षधर है। ऐसे में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी और हिंसक राजनीति यहां स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर चुनौती का सामना करने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा तैयार हैं।

