koderma News:- कोडरमा थाना क्षेत्र के बेलगढ़ा गांव में दहेज उत्पीड़न की एक घटना सामने आई है। रविवार को 24 वर्षीय विवाहिता गायत्री देवी, पति अशोक यादव की पत्नी, की संदिग्ध मौत के बाद घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
मृतका मायका डोमचांच प्रखंड के कुंडीधनवार के कटाही गांव की निवासी हैं, मायके वालो ने बताया की वर्ष 2022 में उन्होंने बड़ी उम्मीदों के साथ अपनी बेटी की शादी की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। गायत्री को तीन सालों तक मायके नहीं आने दिया गया और परिवार के लोगों के साथ भी दुर्व्यवहार होता था।
शुक्रवार को विवाद के बाद ससुराल वालों ने गायत्री की बेरहमी से पिटाई की और जबरन जहर खिला दिया। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे कोडरमा सदर अस्पताल लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, लेकिन शनिवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
राजू देवी ने कहा कि उन्होंने बेटी की शादी के लिए कर्ज लेकर दहेज दिया था, फिर भी ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पति और ससुराल पक्ष की तुरंत गिरफ्तारी कर उन्हें कठोर सजा दी जाए।
पुलिस ने परिजनों के लिखित बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद से आरोपी पति और ससुराल पक्ष के सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।

