Patna News: बिहार में नई गठबंधन सरकार के गठन के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इस बार सबसे बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव यह है कि पहली बार मुख्यमंत्री की जगह उप मुख्यमंत्री को गृह विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा नेता और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब बिहार के नए गृह मंत्री होंगे। माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था सुधारने और प्रशासनिक मजबूती के उद्देश्य से यह बड़ा फैसला लिया गया है।
विभाग बंटवारे में सहयोगी दलों को उनकी हिस्सेदारी और अनुभव के आधार पर महत्वपूर्ण मंत्रालय दिए गए हैं, ताकि सरकार के कामकाज में तेजी लाई जा सके। भाजपा को सबसे अधिक प्रमुख विभाग मिले हैं, जबकि जदयू, हम, लोजपा (रामविलास) और रालोम को भी उनके मुताबिक मंत्रालय सौंपे गए हैं।
भाजपा कोटे से सम्राट चौधरी के अलावा उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मंगल पांडेय को स्वास्थ्य व विधि विभाग मिला है, जबकि नितिन नवीन को पथ निर्माण, नगर विकास एवं आवास विभाग का महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है। रामकृपाल यादव कृषि विभाग संभालेंगे, वहीं श्रेयसी सिंह को सूचना व खेल विभाग मिला है।
जदयू कोटे से वरिष्ठ नेता विजय चौधरी को जल संसाधन और भवन निर्माण विभाग दिया गया है। ऊर्जा मंत्रालय की कमान विजेंद्र प्रसाद यादव के हाथों में है। ग्रामीण विकास का कार्यभार श्रवण कुमार को मिला, जबकि शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सुनील कुमार को सौंपी गई है।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के मंत्री संतोष सुमन को लघु जल संसाधन विभाग का प्रभार दिया गया है। लोजपा (रामविलास) से संजय कुमार को गन्ना उद्योग और संजय सिंह को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग मिला है।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग आवंटित किया गया है।विभागों के बंटवारे के साथ ही नई सरकार ने संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में विकास और प्रशासनिक दक्षता को प्राथमिकता दी जाएगी।

