Bettiah News: जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला मत्स्य पदाधिकारी पीयूष रंजन कुमार को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बेतिया स्थित जिला मत्स्य कार्यालय में की गई।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी पवन कुमार ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत बैरिया प्रखंड के पखनाहा निवासी आयशा खातून को 25 लाख रुपये की लागत से रैस टैंक निर्माण की स्वीकृति मिली थी। इस योजना के तहत 10 लाख रुपये की अनुदान राशि पहले ही लाभार्थी के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जा चुकी थी।
जांच में पता चला कि जिला मत्स्य पदाधिकारी पीयूष रंजन लाभार्थी से अनुदान की 10 प्रतिशत राशि यानी एक लाख रुपये रिश्वत के रूप में मांग रहे थे। उन्होंने रिश्वत नहीं देने पर भविष्य की योजनाओं से वंचित करने की धमकी भी दी थी। परेशान होकर लाभार्थी के पुत्र मुराद अनवर ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया। शनिवार को मुराद अनवर को एक लाख रुपये लेकर जिला मत्स्य कार्यालय भेजा गया। जैसे ही पीयूष रंजन ने पैसे स्वीकार कर टेबल के ड्रॉअर में रखे, टीम ने तुरंत कार्यालय में छापा मार दिया। मौके से एक लाख रुपये बरामद किए गए और आरोपी पदाधिकारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अधिकारी को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पटना ले जाया गया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो अब मामले की गहन जांच में जुटी है। यह कार्रवाई सरकारी योजनाओं में हो रही भ्रष्टाचार की एक बड़ी सच्चाई उजागर करती है।

