Dhanbad News : मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सभी अधिवक्ताओं, न्यायिक पदाधिकारियों, कोर्ट कर्मियों और आम लोगों को तुरंत परिसर से बाहर निकलने का निर्देश दिया। प्रशासन के आदेश का पालन करते हुए सभी लोग सुरक्षित बाहर आ गए। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम ने कोर्ट परिसर में गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संदिग्ध वस्तु की तलाश में जुटी हैं।
मामले पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि धमकी भरा ईमेल तमिलनाडु निवासी अजीत कुमार के नाम से भेजा गया है। ईमेल में कोर्ट परिसर को आरडीएक्स और साइनाइड से उड़ाने की बात कही गई है और दोपहर 12 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। इस सूचना के बाद प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मच गई। सिटी एसपी ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है।
Read More : Ranchi News : कैबिनेट की 22 प्रस्तावों पर मुहर, नेतरहाट में अब JPSC-JSSC से नियुक्ति
फिलहाल कोर्ट परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। ईमेल की सत्यता और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों के मुताबिक स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।