New Delhi News:- मुंबई एयरपोर्ट पर शनिवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। बैंकॉक से मुंबई आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान रनवे से टकरा गई। जानकारी के अनुसार एयरबस ए-321 विमान का पिछला हिस्सा (टेल) रनवे से टकराया, हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई चोट नहीं आई।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 3:06 बजे रनवे 27 पर हुई। खराब मौसम के कारण विमान को लो-एल्टिट्यूड गो-अराउंड करना पड़ा और इसी दौरान उसका पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। घटना के बाद विमान को तुरंत ग्राउंड कर दिया गया और इसकी तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि मौसम की प्रतिकूल स्थिति इस घटना की वजह रही। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं में हर पहलू की गंभीरता से जांच की जाती है।
इंडिगो एयरलाइंस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि 16 अगस्त 2025 की सुबह बैंकॉक से मुंबई आ रही फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान तकनीकी दिक्कत आई थी। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च है। फ्लाइट को सुरक्षित उतार लिया गया और विमान को आगे की उड़ानों से पहले जांच और मरम्मत के लिए भेजा गया है।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब देशभर में मॉनसून के कारण हवाई यात्राओं में कई जगह खराब मौसम से दिक्कतें सामने आ रही हैं। DGCA ने कहा है कि पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

