Saraikela News:- जिले के सिंहभूम बॉयज क्लब एस-टाइप दुर्गा पूजा पंडाल में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। पूजा पंडाल का अर्धनिर्मित तोरण द्वार अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। हादसे के समय वहां कई लोग मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान तोरण द्वार असंतुलित होकर गिर पड़ा। घटना के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि जल्द ही स्थिति सामान्य हो गई।
गौरतलब है कि गुरुवार देर शाम ही राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और इचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह ने इस पूजा पंडाल का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि यह घटना घट गई।
तोरण द्वार गिरने की घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे निर्माण में लापरवाही का नतीजा मान रहे हैं, तो कुछ इसे अनिष्ट का संकेत बता रहे हैं।
फिलहाल पूजा समिति ने तुरंत युद्धस्तर पर तोरण द्वार को पुनः खड़ा करने का काम शुरू कर दिया है। समिति का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूजा की व्यवस्था किसी भी हाल में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

