Saharsa News:- बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बावजूद शराब का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। शराब माफिया अब सड़क और रेल मार्ग का सहारा लेकर तस्करी कर रहे हैं। इसी कड़ी में सहरसा रेलवे स्टेशन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रेलवे पार्सल के जरिए शराब मंगाई गई।
इस मामले का खुलासा आरपीएफ ने किया और मौके से शराब बरामद करते हुए एक ठेला चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर के सहायक सुरक्षा आयुक्त राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर पोस्ट कमांडर धनञ्जय कुमार और उपनिरीक्षक सुजीत कुमार मिश्र अपने दल-बल के साथ सहरसा स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गेट संख्या-31 पर एक ठेला चालक को 4 भारी पैकेज लेकर जाते देखा गया। शक होने पर जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह पार्सल कार्यालय में मजदूरी करता है और यह माल प्लेटफार्म संख्या-3 पर गाड़ी संख्या 14618 से उतारा गया था।
ठेला चालक ने पुलिस को बताया कि उसे हसन इमाम उर्फ गुड्डू नामक व्यक्ति ने यह पैकेज बस स्टैंड तक पहुंचाने के लिए कहा था। जांच में पता चला कि ये पैकेज जालंधर सिटी से अरुण कुमार के नाम से बुक कराए गए थे। जबकि पार्सल विभाग से इसकी आधिकारिक डिलीवरी अभी नहीं हुई थी।
आरपीएफ ने मुख्य पार्सल अधीक्षक की मौजूदगी में चारों पैकेज की जांच कराई। खोलने पर उसमें से रॉयल स्टैग व्हिस्की की 152 बोतलें (पंजाब निर्मित) बरामद हुईं। मौके पर ही शराब को जब्त कर ठेला चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की पहचान राजेश शर्मा (36 वर्ष), निवासी इटारा, थाना बैजनाथपुर, जिला सहरसा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से कुछ आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। जब्त शराब और आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए मध निषेध थाना, सहरसा को सौंप दिया गया है।
यह घटना बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की अवैध आपूर्ति की हकीकत को उजागर करती है।

