राहत कार्य में देरी और तकनीकी खामियों पर सवाल
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सुबह करीब 6:30 बजे आग लगने के बाद लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे बाद पहुंची। तीसरी मंजिल पर फंसा परिवार धुएं के कारण नीचे नहीं उतर सका। मौके पर पहुंची टीम की हाइड्रोलिक लिफ्ट काम नहीं कर सकी और सीढ़ी भी वहां तक नहीं पहुंची, जिसके चलते पूरा परिवार जलकर खत्म हो गया।
कूदकर जान बचाने की कोशिश, बच्चे अस्पताल में भर्ती
घटना के दौरान जान बचाने के लिए तीन लोगों ने ऊपर से छलांग लगाई। एक बच्ची को नीचे फेंका गया, जो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। एक अन्य बच्चे का सिर फट गया है और उसका इलाज जारी है। इस दर्दनाक मंजर ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
पुरानी घटनाओं का हवाला, सिस्टम पर उठे सवाल
सौरभ भारद्वाज ने जून 2025 में द्वारका में हुई इसी तरह की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि तब भी फायर ब्रिगेड देर से पहुंची थी और जरूरी उपकरण मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि बार-बार ऐसी घटनाएं यह दिखाती हैं कि सिस्टम में गंभीर खामियां हैं, जिन्हें सुधारने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री पर निशाना, विरोध की चेतावनी
आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने 500 करोड़ रुपये से आधुनिक उपकरण खरीदने का वादा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर मुख्यमंत्री पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं जातीं, तो उनके हर कार्यक्रम का विरोध किया जाएगा।

