Nawada News:-जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत लेंगुरा पंचायत के बीजवन गांव में रविवार सुबह एक युवक की हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया गया। मृतक की पहचान बीजवन गांव निवासी संजय कुमार सिंह के पुत्र 22 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में की गई है।
ग्रामीणों ने खेत में युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना रजौली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ गुलशन कुमार और थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
हत्या की आशंका, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम बुलाई गई
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है।
पिता का बयान: देर रात तक नहीं लौटा बेटा, सुबह मिली दर्दनाक खबर
मृतक के पिता संजय कुमार सिंह ने बताया कि उनका बेटा मोटर बनाने का काम करता था। शनिवार रात 9 बजे उसने फोन कर बताया था कि “थोड़ा काम बाकी है, देर से घर आऊंगा।” इसके बाद उसका कोई संपर्क नहीं हुआ। रविवार सुबह खेत में उसका शव मिलने की सूचना मिली।
परिजनों का कहना है कि संतोष ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस जुटी जांच में, हत्यारों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान में जुटी है। गांव में तनावपूर्ण शांति का माहौल बना हुआ है। थानाध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

