Gopalganj News: जिले के मीरगंज में इस बार आयोजित महावीरी अखाड़ा उत्सव परंपरा और धार्मिक आस्था से भटकता हुआ नजर आया। जिस आयोजन का मकसद शौर्य प्रदर्शन और हनुमान प्रतिमा का नगर भ्रमण कराना होता है, वहां स्टेज पर अश्लीलता परोसी गई। प्रशासन की रोक के बावजूद बार बालाओं से वल्गर गानों पर नृत्य कराया गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि अखाड़ा मंच को रंग-बिरंगी लाइटों और तेज लाउडस्पीकर से सजाया गया था। वहीं, कुछ नर्तकियां दर्शकों के सामने अश्लील गानों पर ठुमके लगाती नजर आईं। इस दृश्य ने लोगों को हैरान कर दिया कि जहां कभी लाठी-डंडे के करतब और परंपरागत धार्मिक झांकियां देखने को मिलती थीं, वहां अब आयोजक इसे मनोरंजन और फूहड़ता का मंच बना रहे हैं।
बुधवार की अहले सुबह महावीरी अखाड़ा का जुलूस निकाला गया था। परंपरागत तौर पर इस जुलूस का मकसद धार्मिक आस्था और वीरता प्रदर्शन रहा है, लेकिन इस बार सारी मर्यादाएं तोड़ दी गईं। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया। हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के पास प्राप्त हो चुका है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, यह घटना जिलेभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि धार्मिक आयोजनों में अश्लील नृत्य कराकर आयोजक न केवल परंपरा से खिलवाड़ कर रहे हैं, बल्कि समाज की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचा रहे हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।

