Ranchi News:- रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को रांची से अगवा की गई एक स्कूली छात्रा को रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया है। छात्रा को अपराधियों ने चलती कार से फेंक दिया जब पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया। रांची के एसएसपी सह डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा ने छात्रा की बरामदगी की पुष्टि की है। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही रामगढ़ जिले की पुलिस अलर्ट हो गई थी। मांडू थाना प्रभारी सदानंद को एक संदिग्ध कार मांडू और कुजू के बीच हाई स्पीड में भागती दिखी।
पुलिस ने बिना समय गंवाए उस कार का पीछा शुरू किया। अपराधियों ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने लगातार दबाव बनाए रखा। भीड़भाड़ वाले इलाके में पहुँचने पर थाना प्रभारी सदानंद ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर कार रोकने का प्रयास किया। तभी उन्हें कार की पिछली सीट पर बंधक बनी छात्रा नजर आई।
गोली लगने के डर से उन्होंने गोली नहीं चलाई, लेकिन पुलिस की मौजूदगी से घबराकर अपराधियों ने छात्रा को कुजू में एक बैंक के पास सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए।
छात्रा को तत्काल मेडिकल जांच के बाद रांची भेजा गया है। वह पूरी तरह सुरक्षित है। अपराधी अभी फरार हैं लेकिन हजारीबाग पुलिस की मदद से उन्हें जल्द पकड़ने का दावा किया गया है। जानकारी के अनुसार अपराधी मास्क पहने हुए थे, और उनके पीछे कई टीमें लगाई गई हैं।

