Nalanda News:- नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के चुहरचक गांव में रविवार सुबह अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चुहरचक निवासी बृजनंदन यादव के पुत्र शिशुपाल यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह शिशुपाल अपने पिता के साथ सब्जी खेत में भिंडी तोड़ रहा था। इसी दौरान गांव के ही शनि कुमार और श्रीराम वहां पहुंचे। दोनों ने अचानक शिशुपाल को पकड़ लिया और उस पर गोलियां दागनी शुरू कर दीं। पिता के मुताबिक आरोपियों ने एक-एक कर उसके बेटे के शरीर में सात गोलियां मारीं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जब तक परिवार कुछ समझ पाता, अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सरमेरा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि दिनदहाड़े खुलेआम हत्या कर फरार हो गए। इससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वहीं मृतक के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

