Bokaro News:- झारखंड के बोकारो जिले में अपराधियों ने एक बार फिर अपनी दहशत का खुला प्रदर्शन किया है। बांधडीह रेलवे साइडिंग में मंगलवार को बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े ट्रैक्टर चालक जादू कुमार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में चालक के पेट, पैर और जांघ में चार गोलियां लगी हैं। घायल को गंभीर हालत में बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से ही वारदात की योजना बनाकर आए थे। गोली मारने से पहले उन्होंने जादू कुमार को एक धमकी भरा पर्चा थमाया। पर्चे में साफ लिखा था कि महुदा और भोजुड़ीह ईएन क्षेत्र के किसी भी टेंडर में बिना उनकी अनुमति बोली लगाने वालों का यही हश्र होगा। इसके बाद दोनों अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और मौके से फरार हो गए।
इस सनसनीखेज वारदात से स्थानीय लोग दहशत में हैं। उनका कहना है कि बोकारो में दिनदहाड़े गोलीबारी और आपराधिक घटनाएं आम हो चुकी हैं। इससे स्पष्ट होता है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हो गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पूरे इलाके में सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया। बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला रंगदारी और ठेका विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।
इधर, बीजीएच के कैजुअल्टी प्रभारी डॉ. अवध कुमार ने बताया कि घायल की स्थिति नाजुक है और उसे लगातार चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है।
इस घटना ने न केवल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि आम जनता में भी भय और असुरक्षा का माहौल गहरा दिया है।

