Chatra News:- चतरा जिले में अपराधियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। पुलिस की गश्ती और सुरक्षा के तमाम दावों के बावजूद गिद्धौर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक पेट्रोल पंप पर सशस्त्र लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया गया। नकाबपोश अपराधियों ने रिवाल्वर की नोक पर पेट्रोल पंप कर्मियों को बंधक बनाकर न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि करीब तीन लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
घटना चतरा–इटखोरी मुख्य मार्ग पर स्थित गिद्धौर के पांडेयमहुआ गांव में संचालित इंदु फ्यूल पेट्रोल पंप की है। रविवार रात लगभग 12:40 बजे दो सफेद अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार पांच से छह नकाबपोश अपराधी अचानक पेट्रोल पंप पहुंचे। हथियारों से लैस बदमाश सीधे पंप के कार्यालय कक्ष में घुस गए।
कार्यालय में मौजूद दो कर्मचारी—लातेहार निवासी दयानंद सिंह और गिद्धौर निवासी सौरभ पांडे—को अपराधियों ने रिवाल्वर दिखाकर बंधक बना लिया। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनसे पैसे की मांग की। विरोध करने पर दोनों कर्मियों की लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की गई। इसके बाद ऑफिस में रखे करीब ₹3 लाख नकद लूट लिए गए।
अपराधियों ने पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर और वाई-फाई का पूरा सेटअप भी उखाड़ लिया। जाते समय दोनों कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए, जिन्हें कुछ दूरी पर फेंक दिया गया ताकि पुलिस को तुरंत सूचना न मिल सके।
घटना की जानकारी मिलते ही पेट्रोल पंप संचालक कविंद्र कुमार ने गिद्धौर थाना को सूचित किया। सूचना पर थाना प्रभारी सेवा यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ अहम सुराग जुटाए हैं और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों और आम लोगों में भय का माहौल है। पेट्रोल पंप जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

