Patna news:- लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर इस बार घाटों पर सिर्फ पूजा-अर्चना ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सशक्त करने का संदेश भी गूंज उठा। निर्वाचन आयोग की पहल पर जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को जिलेभर में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत विभिन्न छठ पूजा घाटों पर बैनर, पोस्टर और फ्लेक्स लगाए गए, जिन पर लोगों से आगामी मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई थी। प्रशासन का मानना है कि छठ जैसे लोक-आस्था के पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं, ऐसे में मतदाता जागरूकता फैलाने का यह सबसे प्रभावी माध्यम हो सकता है।
इस दौरान घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि जिस निष्ठा और आस्था से वे छठ पर्व मनाते हैं, उसी भाव से वे लोकतंत्र के इस महापर्व—मतदान में भी भाग लें। मतदान न केवल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, बल्कि यह एक नागरिक दायित्व भी है, जो देश की दिशा और दशा तय करता है।
अभियान में “वोट करेगा बिहार, चुनेगा अपनी सरकार” जैसे आकर्षक स्लोगनों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया गया। कई घाटों पर युवाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने भी इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जिला प्रशासन का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मतदाता मतदान के दिन वोट डालने से वंचित न रहे।
छठ घाटों पर यह अनोखा संगम आस्था और लोकतंत्र दोनों का उत्सव बन गया, जिसने श्रद्धालुओं को यह याद दिलाया कि पूजा के साथ-साथ मतदान भी एक पवित्र कर्तव्य है।

