Patna News:- राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार में आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गया है। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया के माध्यम से गंभीर और भावनात्मक आरोप लगाते हुए अपने निजी दर्द को सार्वजनिक किया है। पहले किए गए पोस्ट के बाद उन्होंने एक बार फिर विस्तृत संदेश लिखकर परिवार में चल रहे विवाद को उजागर किया है।
रोहिणी आचार्य ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि उन्होंने अपने पिता लालू प्रसाद को किडनी देकर अपनी जिम्मेदारी निभाई, लेकिन इसके बदले परिवार के अंदर ही उन पर तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं और उन्हें गालियां दी जा रही हैं। उन्होंने इशारों में अपने भाई और उनके दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए।
अपने पोस्ट में रोहिणी ने लिखा कि उन्हें गंदी बातें कहकर अपमानित किया गया और यहां तक कहा गया कि उन्होंने ‘गंदी किडनी’ अपने पिता को दी है और इसके बदले करोड़ों रुपये व राजनीतिक लाभ लिया है। रोहिणी ने कहा कि शादीशुदा बेटियों को अपने मायके की जिम्मेदारी नहीं उठानी चाहिए और न ही ऐसी गलती करनी चाहिए जैसी उन्होंने की।
रोहिणी ने भावुक शब्दों में लिखा, “मैंने बिना परिवार की अनुमति के अपने बच्चों, पति और ससुराल से ऊपर अपने पिता को रखा और किडनी दी, लेकिन आज उसी को गुनाह बताया जा रहा है। किसी के घर में मेरी जैसी बेटी न हो।” उनके इस बयान ने राजनीति और सोशल मीडिया दोनों में हलचल मचा दी है।
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब परिवार पहले से ही तनावपूर्ण दौर से गुजर रहा है। हाल ही में लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को पार्टी और परिवार से दूरी बनाने के संकेत दिए थे। रोहिणी के इस खुलासे ने परिवार के अंदर बढ़ती खाई को और स्पष्ट कर दिया है।

