Darbhanga News:- विधानसभा चुनाव के इस चरण में अलीनगर सीट सबसे अधिक सुर्खियों में बनी हुई है। मुकाबला सीधा भाजपा उम्मीदवार और लोकगायिका मैथिली ठाकुर तथा राजद-इंडी गठबंधन के प्रत्याशी बिनोद मिश्र के बीच है। दोनों दलों ने इस सीट को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है।
मैथिली ठाकुर के पक्ष में भाजपा-जदयू गठबंधन ने पूरी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत कई दिग्गज नेता लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। दूसरी ओर बिनोद मिश्र के समर्थन में पूर्व उपमुख्यमंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी और राजद के वरिष्ठ नेता घर-घर संपर्क अभियान में जुटे हैं।
अलीनगर सीट का चुनाव जातीय समीकरण के कारण और भी दिलचस्प हो गया है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मुस्लिम-यादव (एमवाई) वोट बैंक भाजपा उम्मीदवार के लिए चुनौती बन सकता है। वहीं, बिनोद मिश्र के सामने ब्राह्मण मतदाताओं का मजबूत समर्थन हासिल करना एक बड़ी कसौटी है, क्योंकि इस क्षेत्र में ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक मानी जाती है।
बिनोद मिश्र लगातार गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं और स्थानीय मुद्दों पर जनता से संवाद बना रहे हैं। वहीं, मैथिली ठाकुर अपनी लोकप्रिय छवि, सांस्कृतिक पहचान और भाजपा-जदयू गठबंधन की ताकत के साथ लोगों तक पहुंच रही हैं।
दोनों उम्मीदवार एक-दूसरे के वोट बैंक में सेंध लगाने की रणनीति अपना रहे हैं। ऐसे में अलीनगर का यह चुनाव सिर्फ जीत-हार का सवाल नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिष्ठा का भी गंभीर मुकाबला बन चुका है।

