Ranchi News:- राजधानी रांची में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के संदेह में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। चुटिया थाना क्षेत्र के केतारी बागान घाट रोड स्थित पुष्पांजलि पैलेस भवन में संचालित एक संदिग्ध शिक्षण संस्थान पर सीआईडी की टीम ने छापेमारी कर दस से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
सूत्रों के अनुसार, इस कथित शिक्षण संस्थान पर कोई भी अधिकृत बोर्ड या मान्यता संबंधी जानकारी नहीं लगी थी, जिससे इसके संचालन पर पहले से ही सवाल उठ रहे थे।
अफरा-तफरी मच गई जब सीआईडी पहुंची
शनिवार को दस से अधिक वाहनों में सवार होकर सीआईडी की टीम जब अचानक उक्त भवन में पहुंची, तो संस्थान में मौजूद लड़के-लड़कियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग मौके से भागने की कोशिश करते देखे गए, लेकिन सीआईडी टीम ने स्थिति को संभालते हुए कई लोगों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस संस्थान द्वारा युवाओं को फर्जी तरीके से कोचिंग व प्रशिक्षण देकर सरकारी या निजी नौकरी दिलाने का झांसा दिया जा रहा था। इसके एवज में युवाओं से भारी भरकम फीस और दस्तावेज लिए जा रहे थे।
सीआईडी कर रही है गहन जांच
सीआईडी के एक वरीय अधिकारी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर ठगी और धोखाधड़ी की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल संस्थान से जब्त दस्तावेजों और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है।