Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियों के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खलिक ने 14 उम्मीदवारों की इस सूची की घोषणा की।
लोजपा (रामविलास) की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन नामों को अंतिम मंजूरी दी है। पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में लोजपा-आर इस चुनाव में संगठन को मजबूत आधार देने की रणनीति पर काम कर रही है।
पहली सूची में जिन उम्मीदवारों को मौका मिला है, उनमें कई पुराने कार्यकर्ता और कुछ नए चेहरे शामिल हैं। पार्टी ने गोविन्दगंज से राजू तिवारी, सिमरी बख्तियारपुर से संजय कुमार सिंह, दरौली (अनु.जाति) से विष्णु देव पासवान, गरखा (अनु.जाति) से सीमांत मृणाल, और साहेबपुर कमाल से सुरेन्द्र कुमार को मैदान में उतारा है।
इसके अलावा बखरी (अनु.जाति) से संजय कुमार, परबत्ता से बाबुलाल शौर्य, नाथनगर से मिथुन कुमार, पालीगंज से सुनील कुमार, ब्रह्मपुर से हुलास पांडे, डेहरी से राजीव रंजन सिंह, बलरामपुर से संगीता देवी, मखदुमपुर से रानी कुमारी और ओबरा से प्रकाश चन्द्र को टिकट दिया गया है।
लोजपा-रामविलास की इस पहली सूची से साफ है कि पार्टी ने जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का चयन किया है। वहीं, पार्टी के सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में दूसरी सूची भी जारी की जाएगी, जिसमें शेष सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे।
लोजपा-आर की इस घोषणा के साथ ही बिहार चुनावी मैदान और भी दिलचस्प हो गया है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि गठबंधन समीकरणों और प्रत्याशी चयन से राज्य के चुनावी परिदृश्य पर क्या असर पड़ता है।

