Patna News:- 20 नवंबर को प्रस्तावित नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं गांधी मैदान पहुँचे और पूरे आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच से लेकर वीआईपी गैलरी तक सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा आगंतुकों के लिए की गई अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि अति विशिष्ट व्यक्तियों, नवनिर्वाचित विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बैठने और निगरानी की व्यवस्था की गई है।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अधिकारी
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री नितिन नवीन, मंत्री संजय सरावगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह एवं मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष परासर, पटना रेंज के आईजी जीतेंद्र राणा, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

