Patna News:– मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर और शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में और तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि कार्य सुचारू रूप से और तेज गति से चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कॉरिडोर के पूरा होने से बिहटा से कोईलवर तक यातायात बेहद सुगम हो जाएगा। यह एनएच-922 को रिंग रोड (कन्हौली मोड़) तथा एनएच-139 से जोड़ते हुए एम्स गोलंबर तक महत्वपूर्ण फीडर कॉरिडोर का काम करेगा। साथ ही बिहटा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए विशेष कनेक्टिविटी भी उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार इस परियोजना की मॉनिटरिंग कर रही है और जल्द से जल्द इसे पूरा करना प्राथमिकता है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार ने सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध करा दी हैं। मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ से इस पुल की होने वाली कनेक्टिविटी स्थल का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल बनने से पटना शहर पर यातायात का दबाव काफी कम होगा और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और अधिक सुचारू व सुगम होगी। छपरा, सीवान, गोपालगंज और हाजीपुर जाने वाले लोगों को अब पटना शहर में प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इन दोनों परियोजनाओं से राज्यवासियों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे यात्रा समय और जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुदुकलकट्टी, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम., एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

