Ranchi News:- मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार को झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर देवघर पहुंचे। उनके आगमन पर देवघर एयरपोर्ट पर प्रशासन की ओर से भव्य स्वागत किया गया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के देवघर पहुंचते ही पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
एयरपोर्ट पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का स्वागत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, संथाल परगना के डीआईजी अंबर लकड़ा, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ तथा अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन–पूजन करेंगे। इसके अलावा वे चुनावी तैयारियों की समीक्षा के तहत बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) के साथ बैठक भी करेंगे और जमीनी स्तर पर निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी लेंगे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस दौरे को आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, उनके दौरे के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने को लेकर आवश्यक दिशा–निर्देश दिए जा सकते हैं।

