Chatra News:- जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस और वन विभाग का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत मंगलवार को राजपुर थाना क्षेत्र के आमकुदार और आस-पास के घने जंगलों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। टीम ने लगभग दो एकड़ में फैली अफीम की अवैध खेती को ट्रैक्टर से जोतकर पूरी तरह नष्ट कर दिया।
राजपुर थाना प्रभारी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि किसी भी परिस्थिति में नशे की खेती को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रहा है, जिसके तहत ड्रोन के जरिए अफीम की अवैध खेती वाले क्षेत्रों की पहचान की जा रही है। ड्रोन सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस त्वरित कार्रवाई कर रही है।
इससे पहले भी चतरा पुलिस ने कई जगहों पर बड़ी कार्रवाई की है। लावालौंग थाना क्षेत्र के ग्राम सेरका में 2 एकड़, कुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम इचाक और पचम्बा में 5 एकड़ तथा वशिष्ठनगर थाना अंतर्गत ग्राम कुरखेता में 2 एकड़ में लगाई गई अवैध अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट किया जा चुका है। पुलिस और वन विभाग की टीम ने मंगलवार को भी जिले के कई परिवर्तित इलाकों में अभियान चलाकर नशे की खेती को खत्म करने की दिशा में सख्त कदम उठाए।
अधिकारियों ने बताया कि नशे की खेती में शामिल लोगों की पहचान तेजी से की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एसपी सुमित अग्रवाल ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अवैध अफीम की खेती से दूर रहें और इस तरह की गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

