Chaibasa News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुदापी डाउन के पास सुबह करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच हुई। कार और ट्रेलर के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मां और दो बेटियों की मौत
मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव थाना क्षेत्र के राजनांद गांव निवासी अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, परिवार कार से छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर आ रहा था। जमशेदपुर में उनके रिश्तेदार रहते हैं। परिवार के किसी सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रेलवे फाटक के बाद ओवरटेक के दौरान हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रेलवे फाटक खुलने के बाद ओवरटेक करने के दौरान कार सामने से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। दोनों गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद टीएमएच भेज दिया गया।
ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।


