Dhanbad News:- कोयलांचल धनबाद में बुधवार को सीबीआई की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। लोदना कोलियरी क्षेत्र में पदस्थापित क्लर्क राजकुमार सिंह और ऑपरेटर राम आश्रय गड़ेरिया को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। धनबाद सीबीआई शाखा प्रमुख प्रहलाद किशोर झा ने बताया कि शिकायतकर्ता, जो बीसीसीएल से रिटायर हो चुके हैं, ने अपनी बकाया राशि के लिए क्वार्टर का एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) मांगा था। इस दौरान धौड़ा सुपरवाइजर राजकुमार सिंह ने 20 हजार रुपये की घूस की मांग की।
शिकायत पर प्राथमिक जांच की गई और आरोप सही पाए गए। इसके बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और राजकुमार सिंह को उनके कार्यालय में ही घूस लेते पकड़ लिया। इस दौरान ऑपरेटर राम आश्रय गड़ेरिया की संलिप्तता भी सामने आई, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से की गई है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई से बीसीसीएल समेत कोयलांचल क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
ज्ञात हो कि धनबाद क्षेत्र में कोयलरी और बीसीसीएल कार्यालयों में लंबे समय से भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलती रही हैं। सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिजनों को समय पर लाभ और बकाया राशि दिलाने के नाम पर रिश्वतखोरी आम समस्या बन चुकी है। सीबीआई की यह कार्रवाई उन लोगों के लिए राहत लेकर आई है, जो भ्रष्टाचार से परेशान थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की लगातार कार्रवाई से भ्रष्ट कर्मचारियों में खौफ पैदा होगा और आमजन को न्याय मिलेगा।

