Nawada News:- बिहार के नवादा जिले में अर्जेंटीना के राजदूत अजनीश कुमार के भांजे और पूर्व सिविल सर्जन डॉ. अरुंधति के नाती की गला रेतकर हुई मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर इसे हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या करार दिया है।
घटना 27 सितंबर को हुई थी जब नवादा के बियाड़ा क्षेत्र स्थित कमरे से 22 वर्षीय अंकुश कुमार का गला कटा हुआ शव बरामद हुआ था। शुरुआत में इस मामले को हत्या माना जा रहा था, जिससे पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी।
नवादा एसपी अभिनव धीमान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ हुलास कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली और घटनास्थल की गहन जांच की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटनास्थल से एक डायरी भी मिली थी। डायरी में तीन पन्नों का सुसाइडल नोट लिखा था। हालांकि परिजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी दिए बिना डायरी अपने पास रख ली और नोट के कुछ पन्ने गायब कर दिए। बाद में जब पुलिस ने नजदीकी परिजन के मोबाइल की जांच की, तो उसमें सुसाइडल नोट के एक पन्ने की तस्वीर मिली। इसके आधार पर पुलिस ने परिजनों से डायरी बरामद की।
पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा सुसाइडल नोट को छुपाए जाने की वजह से मामले के खुलासे में देरी हुई। जांच के बाद यह साफ हो गया कि अंकुश ने खुदकुशी की थी। हालांकि, पुलिस अभी भी सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है ताकि किसी अन्य शक को भी दूर किया जा सके।
इस घटना से नवादा में दहशत और अफवाहों का माहौल फैल गया था। अब पुलिस के इस खुलासे के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है कि यह मामला आत्महत्या का है, न कि हत्या का।

