East Champaran News:- जिले के चकिया थाना क्षेत्र में गल्ला व्यवसायी नीरज कुमार के अपहरण और हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात पैसों के लेन-देन के विवाद के चलते हुई थी -नीरज के पिता असर्फी साह ने अपने बेटे के अचानक लापता होने की शिकायत कल्याणपुर थाना में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि नीरज का मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र निवासी शुभम कुमार के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। 10 अगस्त की शाम करीब 6 बजे शुभम अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर नीरज की दुकान पहुंचा और उसे पैसों की बात करने के बहाने अपने साथ ले गया।
कुछ देर बाद नीरज के मोबाइल से उसके परिवार को फोन आया। कॉल करने वाले ने नीरज की रिहाई के बदले 2 लाख रुपये की फिरौती की मांग की और धमकी दी कि पैसे न देने पर उसे मार दिया जाएगा। अगले दिन यानी 11 अगस्त को पारू थाना क्षेत्र के चिउटाहां चंवर से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंचे नीरज के परिजनों ने शव की पहचान नीरज कुमार के रूप में की। इससे साफ हो गया कि अपहरण के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
चकिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार, पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार और थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शुभम कुमार, शोभा देवी, मोहम्मद आतिप, मोहम्मद चांद, रामेश्वर साह और मुकेश साह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सभी आरोपियों ने नीरज की हत्या में अपनी संलिप्तता कबूल की। पुलिस ने उनके पास से हत्या में प्रयुक्त एक डाइगर चाकू, एक लोहे का फाइटर, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ चकिया थाना कांड संख्या-452/25, धारा-140(2)/61(2) बीएनएस के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

