Araria News: – अररिया जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। फारबिसगंज मुख्य सड़क मार्ग एनएच-27 फोरलेन पर पोठिया ओवरब्रिज के पास यात्रियों से भरी एक बस खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और करीब दस यात्री घायल हो गए। घायलों में बस का खलासी भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, यह बस डायमंड बंधु ट्रैवल्स की है जो पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज से तीर्थयात्रियों को लेकर अयोध्या गई थी। दर्शन-पूजन के बाद सभी यात्री बस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पोठिया ओवरब्रिज के पास बस चालक की आंख झपक जाने से गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही सिमराहा थाना प्रभारी प्रेम कुमार भारती दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अररिया सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायलों में गुणोधर दास, टेकनारायण सिंह, निखिलचंद्र सिंह, बोगो लाल सिंह, लक्ष्मी देवी, पार्वती देवी और विनीता राय सहित कई अन्य शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बस में सवार अधिकांश तीर्थयात्री पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रहने वाले हैं, जबकि कुछ यात्री कटिहार और किशनगंज के बताए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद आना प्रतीत होता है। हादसे के बाद कुछ देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
