Patna News:– बिहार के सारण जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। सीआईएसएफ के जवानों को ले जा रही बस एक अनियंत्रित ट्रक से टकरा गई, जिसमें 25 से अधिक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा रसूलपुर थाना क्षेत्र के पाण्डेय छपरा गांव के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, जवान दिल्ली से सीवान पहुंचे थे और वहां से सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र में चुनाव ड्यूटी पर जा रहे थे। बस में कुल 40 जवान सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और रसूलपुर व एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पहले एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल जवानों को छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
एकमा के एडीपीओ राजकुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

