गिरिडीह। एसएसपी गुलशन तिर्की के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने शनिवार को मधुबन थाना के ढोलकट्टा जंगल के पहाड़ में सर्च अभियान चलाकर नक्सलियों के बंकर को तलाशते हुए उसमें काफी संख्या में सामान बरामद किया है। इसमें नक्सलियों के इस्तेमाल किया जाने वाला टेंट, दवा, सिरींज, वाटर जार और रोजमर्रा के सामान शामिल है। इस बंकर का निर्माण चार माह पहले गिरफ्तार नक्सली प्रशांत बोस की मौजूदगी में नक्सलियों ने बनाया था।
जानकारी अनुसार नक्सली दस्ता कई बार इस बंकर में रहे थे। बंकर में नक्सलियों के होने की सूचना पर एसएसपी के नेतृत्व में टीम ने सर्च अभियान चलाया। हालांकि नक्सली दस्ता पहले ही वहां से फरार हो गए। इसके कारण किसी नक्सली की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। टीम में एसएसपी के अलावा सीआरपीएफ कमांडेंट और डूमरी एसडीपीओ मनोज कुमार तथा सुरक्षा बल के जवान शामिल थे।


