Saraikela News:- झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र में नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 16 ग्राम ब्राउन शुगर, एप्पल कंपनी का एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की है। हालांकि, इस अवैध कारोबार का मुख्य सप्लायर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
कपाली थाना प्रभारी धीरंजन कुमार ने सोमवार को बताया कि जांच के क्रम में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस अनुसंधान में यह स्पष्ट हुआ कि इस नशे के धंधे में एक महिला पेडलर रेशमा परवीन सक्रिय भूमिका निभा रही थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेशमा परवीन (44) को कपाली के हासांडूंगरी, काला ईद भट्टा के समीप स्थित एक किराए के मकान से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान रेशमा परवीन ने स्वीकार किया कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती, रोड नंबर-एच निवासी मोहम्मद फिरदौस उसे ब्राउन शुगर की सप्लाई करता था। वह इसी नशीले पदार्थ को कपाली और आसपास के इलाकों में बेचती थी।
पुलिस के अनुसार, रेशमा परवीन मूल रूप से आदित्यपुर की रहने वाली है और पिछले करीब तीन महीनों से कपाली में किराए के मकान में रह रही थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को पहले से गुप्त सूचना मिल रही थी कि आदित्यपुर का एक युवक कपाली क्षेत्र में आकर ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की, लेकिन आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहा।
पुलिस ने फरार आरोपित की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब तीन लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

