Seraikela News:- झारखंड के सरायकेला जिले में खेत के पानी के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना में बदल गया। सीनी ओपी क्षेत्र के चेतानपुरा गांव में एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी ही बहन और जीजा पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, डोलानडीह गांव निवासी कुश पाड़ेया और उनकी पत्नी बुधनी अपने खेत में पानी के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने चेतानपुरा गांव पहुंचे थे। इसी दौरान बुधनी का भाई बासिल मेलगांडी आपा खो बैठा और विवाद बढ़ने पर उसने चाकू से हमला कर दिया। हमले में कुश पाड़ेया के पेट और सीने में गंभीर चोट आई, जबकि बुधनी को हाथ और कंधे में चोटें लगी हैं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद कुश पाड़ेया की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। वहीं बुधनी की हालत स्थिर होने के कारण उन्हें इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
सूचना मिलते ही सीनी ओपी पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ओपी प्रभारी के अनुसार, पानी के बंटवारे को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले कुछ दिनों से तनाव बना हुआ था। आरोपी बासिल मेलगांडी घटना के बाद मौके से फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते विवाद को शांत किया जाता, तो यह घटना नहीं होती। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।

