Palamu News:- दीपावली की खुशियों के बीच पलामू जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। छतरपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ शिव मंदिर के पास सोमवार रात एक तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान छतरपुर के लठैया बभंडी निवासी 27 वर्षीय रितेश कुमार यादव (पिता – कामेश्वर यादव) के रूप में की गई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल बहनोई की पहचान बिहार के नबीनगर थाना क्षेत्र के डकटौवा निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र यादव (पिता – जनेश्वर यादव) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों रिश्ते में साले-बहनोई हैं और सोमवार को बंधुडीह-लंगूराही गांव से लौट रहे थे।
रामगढ़ शिव मंदिर के पास पहुंचने पर छतरपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टेंपो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टेंपो की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने रितेश को कुछ दूर तक घसीट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेदिनीनगर के एमएमसीएच रेफर किया गया। डॉक्टरों ने वहां रितेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुरेंद्र का इलाज जारी है।
इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। दीपावली से पहले घर में खुशियों की जगह सन्नाटा पसर गया। मृतक रितेश अपनी नानी के घर गया था और लौटते समय यह हादसा हो गया। घटना के बाद से टेंपो चालक वाहन लेकर फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

