Koderma News: झारखंड के झुमरी तिलैया में एक सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस की तत्परता से 14 वर्षीय चंदन कुमार को सकुशल बरामद कर लिया गया, जबकि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना ने इलाके में रिश्तों को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि मुख्य आरोपी बच्चा का रिश्तेदार ही निकला।
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को चंदन कुमार की बहन वीणा देवी ने तिलैया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि चंदन रोज की तरह स्कूल गया था, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कांड दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व थाना प्रभारी विनय कुमार कर रहे थे। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध सूरज यादव को हिरासत में लिया।
पूछताछ में सूरज यादव ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह अपनी साली से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार की सहमति नहीं मिल रही थी। इसी वजह से उसने अपने साथियों पिंटु कुमार और संतोष कुमार सिन्हा के साथ मिलकर चंदन का अपहरण किया, ताकि परिवार पर दबाव बनाया जा सके।
मोरियावां गांव स्थित संतोष सिन्हा के घर में बंधक बनाकर रखा था
आरोपियों ने चंदन को मोरियावां गांव स्थित संतोष सिन्हा के घर में बंधक बनाकर रखा था। पुलिस ने सूरज यादव की निशानदेही पर छापेमारी कर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। मौके से पिंटु कुमार और संतोष सिन्हा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने बेहद सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया। 24 घंटे के भीतर बच्चे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाती है। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है।


