Nalanda News: जिले में तीन दिनों से लापता एक युवक का शव नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामला बिहार थाना क्षेत्र के रामजीचक गांव का है, जहां गुरुवार सुबह गोइठवा नदी में युवक का शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। मृतक की पहचान स्वर्गीय मुन्नू पासवान के 18 वर्षीय पुत्र अमरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की मां रंजू कुमारी, जो सदर अस्पताल में आशा कर्मी के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि 5 मई की शाम अमरेंद्र घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद बिहार थाना में युवक की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन कुछ लोग अमरेंद्र को जबरन एक चारपहिया वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए थे। परिवार का कहना है कि युवक के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया। शव मिलने के बाद मृतक की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गुरुवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने गोइठवा नदी में एक शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। पहचान होते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
घटनास्थल के आसपास मौजूद कुछ लोगों ने दावा किया कि बीती रात नदी किनारे किसी युवक के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी थी। लोगों के अनुसार युवक मदद और जान बचाने की गुहार लगा रहा था। हालांकि, हत्या किन कारणों से की गई, इसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। Samrat Deepak ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीण जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


