East Champaran News :- जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक सीएसपी संचालक से पांच लाख रुपये, लैपटॉप, साइन किए हुए चेक और अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने सीएसपी संचालक को गोली मार दी। यह घटना पिपरा थाना क्षेत्र के जमुनिया बलही देवी स्थान के पास हुई।
घायल सीएसपी संचालक की पहचान पीपराकोठी थाना क्षेत्र के बरकुरवा गांव निवासी अनिरुद्ध कुमार सिंह के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर अवस्था में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गोली उनके बांह में लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, अनिरुद्ध कुमार सिंह अपने घर से पांच लाख रुपये नगद, चेक और अन्य दस्तावेज लेकर अपनी कार से जमुनिया गांव स्थित सीएसपी केंद्र जा रहे थे। रास्ते में दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और रोकने की कोशिश की। विरोध करने पर एक अपराधी ने अनिरुद्ध को गोली मार दी और पैसे सहित सभी सामान लूट कर फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण पहुंचे और घायल अनिरुद्ध को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चकिया डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। वहीं, पूरे इलाके में नाकेबंदी कर सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

